Search

April 12, 2026 2:39 pm

नगरनवी स्टेशन के पास दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में तीन की मौत

पाकुड़: जिले के नगरनवी रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, डाउन लाइन से गुजर रही वंदेभारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक लगभग 35 वर्षीय पुरुष, करीब 30 वर्षीय महिला और तीन वर्ष की एक बच्ची की जान चली गई। घटना शाम लगभग 7:10 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन तेज रफ्तार में थी और अचानक तीनों ट्रैक पर आ गए, जिससे उन्हें संभलने का अवसर नहीं मिल सका। सूचना मिलते ही आरपीएफ तथा जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरपीएफ प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान के लिए आसपास के गांवों और पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क किया जा रहा है। पहचान होते ही शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि मृतक संभवतः एक ही परिवार के सदस्य हो सकते हैं, जो रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसे का शिकार हो गए। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय सावधानी बरतें और निर्धारित क्रॉसिंग का ही उपयोग करें।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!