Search

February 11, 2026 12:28 pm

नगर निकाय चुनाव, सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस अफसरों को ट्रेनिंग

उपायुक्त बोले– शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करें अधिकारी

पाकुड़। नगरपालिका आम निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मनीष कुमार ने की। मास्टर ट्रेनरों ने चुनाव से जुड़ी प्रक्रियाओं और जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों को मतपेटिका खोलने-बंद करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि चुनाव में सेक्टर और पुलिस पदाधिकारियों की भूमिका सबसे अहम होती है। मतदान से पहले सभी सेक्टर पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले रास्तों, मूलभूत सुविधाओं, संचार व्यवस्था और मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति की जांच सुनिश्चित करें। नए बनाए गए मतदान केंद्रों की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन, अवैध प्रचार, सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और संपत्ति विरूपण पर सख्त निगरानी रखने को कहा। साथ ही मतदाता सूची, मतदान केंद्र की जानकारी और निर्वाचन हेल्पलाइन से जुड़ी सूचनाएं आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर मतदाताओं में विश्वास का माहौल बनाने, दबाव या धमकी की शिकायतों की पहचान कर तत्काल सूचना देने और निर्भीक मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मतदान की पूर्व संध्या पर मतदान दल, निर्वाचन सामग्री और सुरक्षा बलों की तैनाती की रिपोर्ट नियंत्रण कक्ष को देने, मतदान के दिन मतदान शुरू होने की सूचना, मतदान प्रतिशत की नियमित रिपोर्टिंग और शिकायतों के त्वरित निपटारे पर विशेष बल दिया गया। मतदान समाप्ति के बाद मतपेटिकाओं की सीलिंग, सभी प्रपत्रों की पूर्ति और समस्त प्रतिवेदन समय पर निर्वाची पदाधिकारी को सौंपने का निर्देश भी दिया गया। प्रशिक्षण में स्थापना उप समाहर्ता त्रिभुवन कुमार सिंह, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी सह प्रभारी पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग राहुल कुमार सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर