Search

March 30, 2026 11:49 pm

कोयला साइडिंग पर रंगदारी और हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

कंपनी कर्मियों से एक लाख की मांग, विरोध पर पत्थरबाजी व मारपीट, न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के लोटामारा स्थित डीबीएल (दिलीप बिल्डकॉम लिमिटेड) के कोयला रेलवे साइडिंग में रंगदारी और हमले का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता शकरी देवी के लिखित आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, 26 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे भुवनेश्वर बेसरा और राम टुडु अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ साइडिंग परिसर में पहुंचे। आरोप है कि सभी लाठी-डंडा और लोहे के रॉड से लैस थे। उन्होंने वहां मौजूद कंपनी के कर्मचारियों और ट्रक चालकों को धमकाते हुए रंगदारी के रूप में एक लाख रुपये की मांग की। रंगदारी नहीं देने पर आरोपियों ने साइडिंग क्षेत्र में पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई और कोयला परिवहन कार्य देर रात तक पूरी तरह ठप हो गया। इस घटना में कुछ कर्मचारियों को चोटें भी आईं। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा कार्यालय में रखा नकद राशि भी जबरन लेकर भाग जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद जब कंपनी कर्मियों और सुरक्षा गार्डों ने समझाने का प्रयास किया तो आरोपी और उग्र हो गए तथा जान से मारने की धमकी देने लगे। अगले दिन 27 मार्च को भी आरोपी कई बार साइडिंग पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए रंगदारी की मांग करते रहे, जिससे कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार दोपहर दोनों आरोपियों भुवनेश्वर बेसरा और राम टुडु को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर