Search

March 10, 2026 2:02 am

देवराज सरकार हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी अपराधियों की तलाश में छापेमारी।

पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के तलवाडांगा गांव में 4 मार्च को हुई देवराज सरकार उर्फ नमुआ सरकार की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल और एक कार भी बरामद की गई है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस संबंध में मृतक के पिता मेघनाथ सरकार के आवेदन पर पाकुड़ नगर थाना में कांड संख्या 36/26, दिनांक 5 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पाकुड़ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में खुदु मंडल (पिता स्व. योधमन मंडल) और कृष्णा मिश्रा (पिता राजीव मिश्रा), दोनों निवासी बहिरग्राम, थाना मालपहाड़ी ओपी, जिला पाकुड़ शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से रॉयल एनफील्ड बुलेट, हीरो ग्लैमर, हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल तथा हुंडई i20 कार बरामद की है, जिनका उपयोग अपराध में किया गया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी खुदु मंडल के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SIT की छापेमारी जारी है। छापेमारी दल में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, सन्नी सुप्रभात, मिथुन रजक, तकनीकी शाखा के आरक्षी सूरज मुर्मू तथा नगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर