पाकुड़। ओवरलोड बालू ढोने वाले ट्रैक्टरों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी पर असामाजिक तत्वों द्वारा हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में नगर थाना, पाकुड़ में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है।
जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने बताया कि 25 फरवरी की सुबह करीब 9:33 बजे क्षेत्र भ्रमण के दौरान मालीपाड़ा मोड़ (पाकुड़–बड़हरवा रोड) के पास दो ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टर दिखाई दिए। अधिकारी की गाड़ी देखते ही दोनों ट्रैक्टर चालक वाहन सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। जब डीटीओ द्वारा जब्ती की कार्रवाई की जा रही थी, तभी 10 से 12 असामाजिक तत्व लाठी-डंडा और रॉड लेकर मौके पर पहुंचे और जबरन ट्रैक्टर छुड़ाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान एक ट्रैक्टर को भीड़ लेकर फरार हो गई।
दूसरे ट्रैक्टर (सोनालिका, नीला रंग, रजिस्ट्रेशन संख्या JH18M-3368) को डीटीओ के निजी अंगरक्षक लालू प्रसाद सिंह (पुलिस संख्या-519) एवं सरकारी चालक घोलटन रजक की सहायता से जब्त कर पुलिस केंद्र, पाकुड़ ले जाया जा रहा था। इसी क्रम में जैसे ही जब्त ट्रैक्टर पुलिस लाइन के मुख्य द्वार पर पहुंचा, तभी मोटरसाइकिल (JH16D-2021, हीरो एचएफ डीलक्स) पर सवार दो युवकों ने ट्रैक्टर के सामने बाइक खड़ी कर दी और अंगरक्षक व चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया और नगर थाना, पाकुड़ को सौंप दिया। पकड़े गए युवकों की पहचान दिलवर हुसैन (20 वर्ष) एवं अब्दुल आहद (30 वर्ष), दोनों निवासी संग्रामपुर, थाना–पाकुड़ (मुफस्सिल), जिला–पाकुड़ के रूप में हुई है। डीटीओ ने इसे सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और जबरन वाहन छुड़ाने का गंभीर अपराध बताते हुए संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल है और जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान और तेज किए जाने की बात कही जा रही है।






