Search

April 5, 2026 11:15 pm

आदिम जनजाति विद्यालय की नामांकन सूची पर बवाल, गैर-जनजाति छात्रों के चयन का विरोध तेज

प्रधानाध्यापक को सौंपा ज्ञापन, सोमवार को जिला कल्याण पदाधिकारी के समक्ष करेंगे प्रदर्शन

हिरणपुर (पाकुड़): आदिम जनजाति आवासीय बालक उच्च विद्यालय, हिरणपुर में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की नामांकन सूची को लेकर विवाद गहरा गया है। सूची में गैर-आदिम जनजाति छात्रों के नाम शामिल होने से स्थानीय पहाड़िया समुदाय के लोग आक्रोशित हो उठे हैं। रविवार को रामकुमार पहाड़िया और बबलू पहाड़िया के नेतृत्व में दर्जनों आदिम जनजाति समुदाय के लोग विद्यालय पहुंचे और इस निर्णय के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। हालांकि प्रखंड विकास पदाधिकारी दिलीप टुडू और विद्यालय के प्रधानाध्यापक संदीप कुमार झा द्वारा स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए, लेकिन उन्होंने इस मामले में लिखित आवेदन सौंपकर आपत्ति दर्ज कराई। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि वे सोमवार को जिला कल्याण पदाधिकारी, पाकुड़ के समक्ष भी विरोध दर्ज कराएंगे। आवेदन में मांग की गई है कि कक्षा 6, 7 और 8 में नामांकन के लिए तैयार की गई सूची में शामिल गैर-आदिम जनजाति छात्रों के नाम तत्काल हटाए जाएं।
समुदाय के लोगों का कहना है कि वर्ष 1954 से स्थापित इस विद्यालय में केवल आदिम जनजाति, विशेषकर पहाड़िया समुदाय के छात्रों को ही शिक्षा दी जाती रही है और इस परंपरा को बनाए रखा जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि पूरे जिले में पहाड़िया समुदाय के लिए केवल चार ही विद्यालय हैं, जबकि अन्य वर्ग के छात्र कहीं भी पढ़ सकते हैं। ऐसे में उनके लिए निर्धारित संस्थानों में अन्य वर्गों का प्रवेश उनके अधिकारों का हनन है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पहाड़िया समुदाय के साथ हो रहे कथित शोषण को रोका जाए और उनके शैक्षणिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
विरोध प्रदर्शन में बामड़ा पहाड़िया, काली पहाड़िया, बिट्टू पहाड़िया, बिरेन पहाड़िया, कमलेश पहाड़िया, बमना पहाड़िया, राजू पहाड़िया, गालो पहाड़िया, धर्मा पहाड़िया सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

img 20260405 wa00156229680775161187341
img 20260405 wa00144655796901011120321

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!