गोड्डा–पाकुड़ रेल लाइन से बढ़ेगी रफ्तार, धुलियान सर्वे भी शुरू
पाकुड़: निशिकांत दुबे ने पाकुड़ स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जिले के रेलवे विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि भागलपुर से हावड़ा जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का स्टॉपेज जल्द ही पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर होगा। इसकी योजना पहले से तैयार है और शीघ्र ही शुभारंभ की तिथि घोषित की जाएगी।सांसद ने कहा कि पाकुड़ रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना के तहत मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोड्डा से पाकुड़ रेल लाइन स्वीकृत है, जिससे आने वाले समय में ट्रेनों की आवाजाही और बढ़ेगी। इसके अलावा पाकुड़ से धुलियान तक नई रेल लाइन के लिए सर्वे कार्य भी चल रहा है। दिल्ली और मुंबई के लिए सीधी ट्रेन की मांग पर उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय स्तर पर इसकी स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है और जल्द ही इसका लाभ क्षेत्रवासियों को मिलेगा।उन्होंने पाकुड़ में वाशिंग पिट निर्माण की भी आवश्यकता बताई, ताकि यहां से ट्रेनों का संचालन और रखरखाव सुचारू रूप से हो सके। सांसद ने कहा कि पाकुड़ कोयला, गिट्टी और चिप्स परिवहन के जरिए रेलवे को भारी राजस्व देता है, बावजूद इसके यहां अपेक्षित विकास नहीं हुआ है।प्रेसवार्ता के दौरान सांसद ने पाकुड़ के समग्र विकास, सड़क व्यवस्था और जनसंख्या संरचना में आए बदलाव को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि संताल परगना में आदिवासी आबादी का प्रतिशत वर्षों में घटा है, जबकि अन्य समुदायों की आबादी में वृद्धि हुई है। उन्होंने लोगों से सजग रहने और क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होने की अपील की।सांसद ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में रेलवे परियोजनाओं के माध्यम से पाकुड़ एक मॉडल स्टेशन और परिवहन हब के रूप में विकसित होगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।






