Search

December 21, 2025 11:01 pm

डीएवी पब्लिक स्कूल में विजय दिवस का आयोजन, प्राचार्य ने सुनाई 1971 की ऐतिहासिक विजय गाथा।

राजकुमार भगत

स्थानीय डीएवी पब्लिक स्कूल, गोकुलपुर में मंगलवार को विजय दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विद्यालय की प्रार्थना सभा में बच्चों के बीच राष्ट्रभक्ति की भावना और 1971 के भारत-पाक युद्ध की ऐतिहासिक जीत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 16 दिसंबर 1971 का दिन भारतीय इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है। इसी दिन भारत ने पाकिस्तान के साथ हुए युद्ध में निर्णायक विजय प्राप्त की थी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार पाकिस्तान के जनरल ए.ए.के. नियाज़ी ने अपने 93 हजार सैनिकों के साथ भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा के समक्ष आत्मसमर्पण किया, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अस्तित्व में आया। प्राचार्य ने कहा कि यह युद्ध केवल 14 दिनों (3 दिसंबर से 16 दिसंबर) में भारतीय सेना के अदम्य साहस, रणनीति और शौर्य के बल पर जीता गया, जो आज भी पूरी दुनिया के लिए एक मिसाल है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के एनसीसी कैडेटों ने 1971 के युद्धवीरों को नमन किया और भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदान को याद किया। अंत में पूरा विद्यालय परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशप्रेम, कर्तव्यबोध और राष्ट्र के प्रति गर्व की भावना को और सुदृढ़ किया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर