Search

April 8, 2026 3:06 pm

मिक्सर मशीन से निकलते धुएं से ग्रामीण परेशान, स्वास्थ्य व पर्यावरण पर खतरा

पाकुड़। पाकुड़ सदर प्रखंड के सोनाजोड़ी क्षेत्र में पाकुड़–हिरणपुर मुख्य सड़क किनारे सड़क निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही मिक्सर मशीन से निकलने वाले धुएं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि मशीन से लगातार निकलने वाला धुआं क्षेत्र की हवा को प्रदूषित कर रहा है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, धुएं के कारण आसपास के वातावरण में प्रदूषण बढ़ गया है। इससे सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और अन्य श्वसन संबंधी बीमारियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि प्रदूषण का असर मिट्टी और जल स्रोतों पर भी पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग जिला प्रशासन और अन्य अधिकारियों के नियमित आवागमन का हिस्सा है, लेकिन अब तक इस समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं गया है। वहीं, प्रदूषण नियंत्रण विभाग की ओर से भी किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं किए जाने पर लोगों ने सवाल उठाए हैं। सड़क निर्माण कार्य के तहत मिक्सर मशीन से डामर (पीच) तैयार कर वाहनों के माध्यम से निर्माण स्थल तक भेजा जा रहा है। इसी प्रक्रिया के दौरान निकलने वाला धुआं आसपास के वातावरण को प्रभावित कर रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का तत्काल संज्ञान लिया जाए और प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके और पर्यावरण को और अधिक नुकसान से बचाया जा सके।

Also Read: E-paper 22-02-2026

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!