Search

February 4, 2026 4:58 pm

बाल विवाह के खिलाफ छात्राओं की आवाज, राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जागरूकता अभियान।

पाकुड़। राष्ट्रीय बालिका दिवस सप्ताह एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में जिद्दतो बालिका उच्च विद्यालय, पाकुड़ में जागरूकता कार्यक्रम सह निबंध, चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नालसा, नई दिल्ली एवं झालसा, रांची के निर्देशानुसार किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ दिवाकर पांडे ने की। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव रूपा बंदना किरो उपस्थित रहीं। सचिव रूपा बंदना किरो ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि 24 जनवरी राष्ट्रीय बालिका दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और उनके समग्र विकास के प्रति समाज को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है, जिसे समाप्त करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान पीएलवी कमला राय गांगुली एवं शिक्षकों ने बालिकाओं और महिलाओं की सामाजिक भूमिका, उनके अधिकारों तथा समाज के भविष्य में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। छात्राओं से बाल विवाह रोकथाम और इसके दुष्प्रभावों को लेकर समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की गई।
जागरूकता कार्यक्रम के तहत छात्राओं ने निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता में भाग लेकर बाल विवाह के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम शिवानी टुडू, द्वितीय आस्था कुमारी और तृतीय तृप्ति चौरसिया (सभी कक्षा 9वीं) रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम विभा कुमारी (कक्षा 9वीं), द्वितीय अलाना नाज़ (कक्षा 8वीं) और तृतीय जेसिका मुर्मू (कक्षा 7वीं) रहीं।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में पक्ष की ओर से साक्षी आनंद, विभा कुमारी तथा विपक्ष की ओर से देवोलीना विश्वास और प्रीति साह का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सचिव रूपा बंदना किरो द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं, पीएलवी कमला राय गांगुली, पिंकी मंडल सहित अन्य मौजूद रहे।

img 20260129 wa00344147623648934250115
img 20260129 wa00335223092736957060812

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर