अक्षय कुमार
घाटो। टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, भूइयांडीह में मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर 11वीं की छात्रा अवनी सिंहा द्वारा योग, व्यायाम, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन तथा स्वस्थ रहने के विभिन्न उपायों पर भाषण प्रस्तुत किया।

विद्यालय के खेल शिक्षक रोशन कुमार ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के साथ सामूहिक व्यायाम कराया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास करते हुए स्वस्थ जीवन अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही बच्चों ने निबंध लेखन,चित्रकला, पोस्ट मेकिंग, नारे, कविता लेखन आदि विभिन्न क्रियाकलापों में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम, स्वच्छता, पर्याप्त नींद और संतुलित आहार के महत्व से अवगत कराया गया।

प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग एवं व्यायाम करने, जंक फूड से बचने तथा पौष्टिक भोजन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और सभी को अपने दैनिक जीवन में स्वास्थ्य संबंधी अच्छी आदतों को अपनाना चाहिए।कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा स्वस्थ रहने का संकल्प लेने के साथ हुआ।






