योग से ही संभव है स्वस्थ जीवन की दिशा में सार्थक पहल : बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव।
इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़), अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को महेशपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव और अंचल अधिकारी (सीओ) संजय सिन्हा की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई। इस अवसर पर बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्मा, मन और शरीर के समन्वय का अद्भुत विज्ञान है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और निरोग जीवन की दिशा में अग्रसर हों। सीओ संजय सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि योग मानसिक शांति और शारीरिक संतुलन का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से योग के प्रति जागरूक होने और उसे नियमित रूप से अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रखंड व अंचल कार्यालय के कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय छात्र, अधिकारीगण और ग्रामीणों की भी सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन कर तन-मन को ऊर्जा से भर दिया। आयोजन के दौरान पूरे परिसर में सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन का भाव देखने को मिला।






