Search

February 27, 2026 10:49 pm

हाई वोल्टेज की चपेट में आया युवक, गंभीर हालत में दुमका रेफर

अमड़ापाड़ा प्रखंड के चनापाड़ा गांव में शुक्रवार को बिजली का वोल्टेज दुरुस्त करने के दौरान एक युवक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। घायल की पहचान बड़ा बास्को गांव निवासी सुनील टुडू (35 वर्ष) के रूप में हुई है। करंट लगने के बाद वह बिजली के पोल से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील टुडू लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के रोलडीह गांव स्थित अपनी बहन के घर में रह रहा था। शुक्रवार को चनापाड़ा गांव में बिजली की सीरीज में अचानक हाई वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो गई थी। इसी खराबी को ठीक करने के लिए सुनील बिजली के पोल पर चढ़ा। जैसे ही उसने तारों को छुआ, वह तेज करंट की चपेट में आ गया और झुलसकर सीधे जमीन पर गिर पड़ा। हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल निजी वाहन से उसे फतेहपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अमड़ापाड़ा पहुँचाया। यहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. खालिद अहमद और डॉ. शिवम कुमार की देखरेख में चिकित्सकों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया। डॉ. शिवम कुमार ने बताया कि करंट से झुलसने और ऊंचाई से गिरने के कारण सुनील की हालत काफी गंभीर है।।घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर