पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के शहरकोल स्थित ताला टोला से सोनाजोड़ी निवासी 28 वर्षीय कान्हू किस्कू बीते दो दिनों से लापता है। परिजनों ने शहरकोल के पास की खदान में डूबने की आशंका जताई है।मामले को लेकर परिवार में चिंता का माहौल बना हुआ है। परिजनों के अनुसार बीते सोमवार सुबह करीब 10 बजे से कान्हू किस्कू का कोई पता नहीं चल पाया है।उसके भाई सोम किस्कू ने बताया कि आसपास के कुछ बच्चों ने उसे घर के समीप स्थित खदान के पास शौच के लिए जाते हुए देखा था। इसके बाद से वह लापता है, जिससे आशंका जतायी जा रही है कि वह खदान में डूब गया होगा। परिवार वालों ने अपने स्तर से खदान में काफी खोजबीन की। यहां तक कि ट्यूब के जरिये तलाश की गयी, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, मगर कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने गोताखोर बुलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई है। गुमशुदा युवक के आप होपना किस्कु, मां मती सोरेन, 6 वर्षीय बेटा होपना किस्कु, 4 वर्षीय बेटा अलेक्स किस्कु घर पर बैठे राह देख रहे हैं। हालांकि घटनास्थल से युवक से संबंधित कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है









