गोड्डा : आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के आलाकमान ने पूर्व घोषित प्रत्याशी महागमा विधायक दीपिका पांडे सिंह का टिकट रद्द कर पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इस घोषणा के बाद सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में गोड्डा लोकसभा के नए कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप यादव ने बहुत बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव मेरा आखिरी चुनाव है। अगर लोकसभा चुनाव जीता तो जनता की सेवा करूंगा नहीं तो राजनीति से संन्यास लेने का प्रयास करूंगा, विधान सभा चुनाव भी नहीं लड़ूंगा। उन्होंने कहा कि पांच बार विधानसभा से जीत चुका हूं, विधानसभा में क्षेत्र की आवाज उठा चुका हूं, लोगों का आशीर्वाद ले चुका हूं, अब दिल्ली में लोगों की आवाज उठाउंगा। प्रदीप यादव ने सभी कार्यकर्ता से कहा कि फालतू बातों पर ध्यान ना दें। कहा कि निशिकांत दुबे ने क्या लिखते हैं उस पर नहीं जाना है। हम सभी घटक दल को एक साथ होकर देश को बचाने के लिए और संविधान को बचाने के लिए चुनाव लड़ना है। कहा की जो लोग संविधान बचाने की बात करते हैं वह सबसे पहले आरक्षण को खत्म करेंगे। केंद्र की मोदी सरकार आदनी- अंबानी का एक हजार करोड़ का कर्जा माफ कर रही है। वहीं हमारे नेता राहुल गांधी ने एलान किया है की करोड़ों किसानों का कर्ज माफ करेंगे। उन्होंने कहा कि हम सब जल्द ही फुरकान अंसारी से मिलने वाले हैं। बाकी घटक दलों के नेताओं से भी मिलेंगे। ज्ञात हो कि एक दिन पूर्व ही रविवार को कांग्रेस ने गोड्डा लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी बदला है। इससे पहले गोड्डा से दीपिका पांडेय सिंह को टिकट दिया गया था पर अब यहां से प्रदीप यादव चुनाव लड़ेंगे।






