रातों-रात अनाज को बंगाल भेजने की थी तैयारी, ग्रामीणों ने बचाई बच्चों की थाली
पाकुड़: बच्चों के हक का मिड-डे-मील (एमडीएम) का अनाज स्कूल की रसोई तक पहुंचने से पहले ही कालाबाजारी की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। मंगलवार की देर रात जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रांसपोर्टर के घर से 99 बोरा एमडीएम अनाज जब्त किया, जिसका वजन करीब 50 क्विंटल है। अनाज के साथ एक ट्रैक्टर को भी जब्त कर मुफस्सिल थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
ग्रामीणों की सजगता से खुला मामला
मामला तब सामने आया जब ग्रामीणों को जानकारी मिली कि जयकिस्टोपुर और समीपवर्ती गांवों के तीन स्कूलों का एमडीएम अनाज ट्रांसपोर्टर मोहम्मद कासिम द्वारा स्कूलों में न पहुंचाकर अपने घर में रखा गया है। संदेह इस बात का भी था कि यह अनाज रातों-रात पश्चिम बंगाल भेजा जाने वाला है।
छापेमारी में पकड़ा गया खेल
सूचना मिलते ही जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शैतानखाना गांव स्थित कासिम के घर छापा मारा। ट्रांसपोर्टर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद अनाज और वाहन जब्त कर थाना लाया गया।
एमओ की पुष्टि, जांच जारी
मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीव कुमार झा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आपूर्ति विभाग के निरीक्षण के बाद रिपोर्ट आने पर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।एमओ सुमित मिश्रा ने कहा:
“मामला गंभीर है। बच्चों के भोजन का अनाज अगर घर में रखा गया है, तो यह आपराधिक कृत्य है। लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।










