Search

April 22, 2026 11:23 am

कोडरमा में 15 हजार रुपये घूस लेते एसआई एसीबी के हत्थे चढ़ा



कोडरमा: हजारीबाग की एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को चंदवारा थाना में पदस्थापित एक सब-इंस्पेक्टर को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार सब-इंस्पेक्टर की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद चंदवारा थाना में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार अवैध शराब बरामदगी के एक मामले में केस को रफा-दफा करने या कमजोर करने के नाम पर कांड के अभियुक्त से एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। योजना के तहत गुरुवार को पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये देने का समय तय किया गया था। जैसे ही रकम दी गई, पहले से घात लगाए एसीबी की टीम ने सब-इंस्पेक्टर को रंगे हाथ पकड़ लिया।

इस मामले में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता प्रेम नायक ने बताया कि कांड के कुछ आरोपित उनकी पार्टी के विधायक जयराम महतो के पास शिकायत लेकर पहुंचे थे। उनका आरोप था कि उनसे पैसे की मांग कर प्रताड़ित किया जा रहा है।

इसके बाद विधायक ने प्रेम नायक को मामले में मदद करने को कहा। प्रेम नायक के अनुसार, उन्होंने कांड के अनुसंधानकर्ता सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार से बातचीत की, जहां उनसे एक लाख रुपये की मांग की गई। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना एसीबी हजारीबाग को दी। एसीबी की योजना के तहत गुरुवार को 15 हजार रुपये देने के दौरान टीम ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर को रंगे हाथ पकड़ लिया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!