प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा। थाना क्षेत्र के लिट्टीपाड़ा-धरमपुर मुख्य सड़क पर सोनधानी गांव के समीप सोमवार को तेज रफ्तार टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 14 वर्षीय छात्रा स्वीटी पहाड़िन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम है। परिजनों के अनुसार, स्वीटी बचपन से अनाथ थी और उसके दादा-दादी ने ही उसका पालन-पोषण किया था। वह पिछले दो वर्षों से लिट्टीपाड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में पढ़ रही थी। सोमवार को तबीयत खराब होने की सूचना पर दादा उसे विद्यालय से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। प्राथमिक उपचार के बाद दादा-दादी उसे टेम्पो से अपने गांव तीतलीपहाड़ ले जा रहे थे।
सोनधानी के पास तेज रफ्तार के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और टेम्पो सड़क पर पलट गया। हादसे में स्वीटी गंभीर रूप से घायल हुई और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया। थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त टेम्पो जब्त कर चालक को हिरासत में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







