Search

November 12, 2026 11:09 pm

लेटेस्ट न्यूज़

मुआवजे में भेदभाव का आरोप लगा बीजीआर और डीबीएल के खिलाफ डंपर चालकों ने ठप किया कोयला परिवहन।

आम लोगों की दुर्घटना में मुआवजे का प्रावधान, लेकिन चालक की मौत पर परिजनों की अनदेखी का आरोप; समान मुआवजा नीति लागू करने की मांग।

अमर भगत

अमड़ापाड़ा/पाकुड़। बीजीआर और डीबीएल कोल कंपनी के खिलाफ डंपर चालकों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। मुआवजे में कथित भेदभाव और दुर्घटना में मृत चालकों के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए चालकों ने कोयला परिवहन ठप कर चक्का जाम कर दिया। चालकों ने अपने डंपर सड़क पर खड़े कर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन कर रहे चालकों का आरोप है कि कोयला परिवहन के दौरान सड़क पर किसी आम व्यक्ति, ग्रामीण या राहगीर के साथ दुर्घटना होने पर कंपनी की ओर से मृतक अथवा घायल के परिजनों को मुआवजा और भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था की जाती है। वहीं, दुर्घटना में किसी डंपर चालक की मौत होने पर उसके आश्रितों को उचित मुआवजा देने के मामले में कंपनी प्रबंधन पीछे हट जाता है। चालकों ने इसे दोहरी नीति बताते हुए अपने साथ अन्याय करार दिया। चालकों का कहना है कि वे भी अपनी जान जोखिम में डालकर कंपनी के लिए कोयला परिवहन का काम करते हैं। दुर्घटना की स्थिति में उनके परिवार भी आर्थिक और सामाजिक संकट से गुजरते हैं। ऐसे में चालक की मौत या गंभीर रूप से घायल होने पर उसके आश्रितों की जिम्मेदारी से कंपनी मुंह नहीं मोड़ सकती। चालकों ने प्रबंधन से मुआवजे में भेदभाव समाप्त कर समान नीति लागू करने तथा दुर्घटना में मृत या घायल होने वाले चालकों के परिजनों के लिए उचित मुआवजा और भरण-पोषण की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। चालकों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

IMG 20261112 WA0033

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!