Search

November 12, 2026 11:08 pm

लेटेस्ट न्यूज़

पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ में घमासान, मनमानी और वित्तीय गड़बड़ी के आरोपों से बढ़ा विवाद

पूर्व क्रिकेटर अर्जुन सिंह ने संघ भंग करने के लिए दिया तीन दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन और पुतला दहन की चेतावनी; सचिव ने अभी कुछ भी कहने से इनकार किया।

पाकुड़। पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ (PDCA) की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। संघ के पूर्व क्रिकेटर अर्जुन सिंह ने वर्तमान पदाधिकारियों पर मनमानी, पुराने सदस्यों के अधिकारों में कटौती, एजीएम की प्रक्रिया में अनियमितता और वित्तीय पारदर्शिता नहीं बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने वर्तमान संघ को भंग कर नए सिरे से कोर कमेटी गठित करने की मांग करते हुए तीन दिनों का अल्टीमेटम दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन, पुतला दहन और कानूनी लड़ाई लड़ने की चेतावनी दी है। अर्जुन सिंह ने एजीएम की बैठक की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले बैठक की तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित की गई थी, जिसे बाद में बदलकर 12 अक्टूबर कर दिया गया। इसके बाद अचानक दोपहर ढाई बजे एजीएम संपन्न होने का संदेश भेज दिया गया। उनका आरोप है कि बैठक की प्रक्रिया में पुराने सदस्यों को विश्वास में नहीं लिया गया और कई महत्वपूर्ण फैसले एकतरफा तरीके से किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि नीलेश, नरेश, संजीव शाह, दानवीर सिंह टोनी समेत कई पुराने सदस्यों को नजरअंदाज कर उनकी सदस्यता की श्रेणी बदलकर सेकेंड सीट मेंबरशिप में डाल दिया गया। इससे उनके मतदान के अधिकार प्रभावित हुए हैं। अर्जुन सिंह का यह भी आरोप है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना लाइफटाइम सदस्यता से जुड़ी प्रक्रिया अपनाई गई तथा 500 रुपये शुल्क का हवाला दिया गया। उन्होंने इसे सवाल उठाने वाले सदस्यों की आवाज दबाने का प्रयास बताया। संघ के वित्तीय लेन-देन को लेकर भी उन्होंने पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि संघ के आय-व्यय का हिसाब मांगने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अंपायर और स्कोरर को भुगतान से संबंधित वाउचर उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर उन्होंने आर्थिक लेन-देन का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की। अर्जुन सिंह ने प्रणय तिवारी पर रात करीब पौने बारह बजे फोन कर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उनका दावा है कि इस बातचीत का ऑडियो उनके पास सुरक्षित है, जिसे जरूरत पड़ने पर झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरेंगे।

अर्जुन सिंह ने मांग की है कि तीन दिनों के भीतर वर्तमान जिला क्रिकेट संघ को भंग किया जाए, सभी पदाधिकारी अपने पदों से इस्तीफा दें और निष्पक्ष कोर कमेटी गठित कर नए सिरे से सदस्यों का गठन किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और सड़क पर आंदोलन किया जाएगा। साथ ही झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के समक्ष मामला उठाने के बाद जरूरत पड़ने पर न्यायालय की शरण भी ली जाएगी। इस दौरान अर्जुन सिंह, रणवीर सिंह, सोहन मंडल, टोनी मंडल, संजीव शाह, सूरज त्रिवेदी और सोना दास सहित अन्य लोग मौजूद थे।

सचिव प्रणय तिवारी ने आरोपों पर नहीं दी प्रतिक्रिया

मामले को लेकर जब पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ के सचिव प्रणय तिवारी से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया तो उन्होंने आरोपों पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने सिर्फ ‘नो कमेंट’ कहकर अपनी बात समाप्त कर दी। ऐसे में संघ पर लगाए गए आरोपों को लेकर सचिव की ओर से फिलहाल कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!