स्वराज सिंह
पाकुड़: अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डी एन आजाद के निर्देश पर नगर थाना के सामने शनिवार को दो पहिया वाहन जांच अभियान चलाया गया। सड़क से आने-जाने वाले दो पहिया, चार पहिया वाहनों की जांच की गयी। जांच के दौरान दो पहिया वाहन चालकों का हेलमेट, इंश्योरेंस सहित सभी कागजात की जांच की गयी। बगैर हेलमेट के वाहन चालकों से जुर्माने राशि वसूल की गयी। परिवहन विभाग के अमित कुमार, रोड सेफ्टी आईटी अस्सिटेंट और आजाद अंसारी रोड इंजीनियर ने बताया कि नगर थाना पुलिस के साथ मिलकर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिसमें बगैर हेलमेट पहनने वाले 21 वाहन जब्त कर वाहन चालकों से कुल 41 हजार रुपये की जुर्माने की राशि वसूल की गयी। ऐसे कई वाहन मालिक जिनके पास ऑन लाइन सुविधा नही थी उनको जुर्माना रसीद देकर 10 दिन के अंदर जुर्माना राशि जमा किए जाने का निर्देश दिया गया। जांच अभियान में नगर थाना की पुलिस सहित परिवहन विभाग के कर्मी मौजूद थे। जांच अभियान में लोगो में हड़कंप मच गई, प्रशासन को देखते ही वाहन चालक गली की और भागते दिखे। कुछ वाहन चालक तो यू टर्न लेकर तेज रफ्तार में भी भागते दिखे। वहीं पकड़े गए वाहन को छुड़ाने के लिए पैरवीकार भी थाना में नजर आए। मतलब साफ है की प्रशासन चाहे लाख कुछ कर ले, लेकिन हम नहीं मानेंगे, और हेलमेट धारण कर अपने चेहरे और बाल को खराब नहीं होने देंगे।







