उच्च न्यायालय के आदेश पर पूर्व के चयन को किया गया रद्द
राहुल दास
हिरणपुर (पाकुड़): बागशिशा में शुक्रवार को आंगनवाड़ी सेविका पद को लेकर आयोजित ग्रामसभा में भारी हंगामे के बीच चयन प्रक्रिया पूरी की गई। जिसमें सेविका पद पर बेबी कुमारी का चयन किया गया। पूर्व निर्धारित इस ग्रामसभा में आंगनवाड़ी केंद्र संख्या तीन की सेविका पद को लेकर ग्रामसभा आयोजित हुई। जिसमें काफी संख्या में महिला पुरुष उपस्थित थे। बीडीओ सह सीडीपीओ टुडु दिलीप , पर्यवेक्षिका टुसुरानी मुर्मू , निर्मला टुडु , मुखिया सुलेमान मुर्मू सहित ग्राम प्रधान भी मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस ग्रामसभा में पोषक क्षेत्र के पांच महिलाओ ने इस पद को लेकर आवेदन जमा किया। इस दौरान उपस्थित लोगों द्वारा सेविका चयन को लेकर हंगामा भी बरपा , पर बीडीओ ने सभी को नियमावली पढ़ाकर शांत किया ।जिसमें शैक्षणिक योग्यता व प्राप्तांक सबसे ज्यादा रहने पर बेबी कुमारी का चयन किया गया। इस दौरान वर्ष 2023 में चयनित भारती देवी ने इस चयन प्रक्रिया में शामिल न होकर बीडीओ को आवेदन देकर कहा कि बीते वर्ष आहूत ग्रामसभा से मुझे सेविका पद पर चयन किया गया था , इसको लेकर 17.7.2023 को मुझे नियुक्ति पत्र भी दी गई थी व करीब आठ माह तक मैंने आंगनवाड़ी केंद्र में सेवा भी किया था। इसके बावजूद इस पद पर नए सिरे से चयन प्रक्रिया की जा रही है। इसलिए मैंने इसमे भाग नही लिया। मुझे सेवा करने की मौका दिया जाय। बताते चले कि इस केंद्र को लेकर वर्ष 2023 में ही आंगनवाड़ी सेविका पद का चयन किया गया था , पर इसमें प्रतिद्वंदी रहे पूजा कुमारी ने चयन प्रक्रिया की विरोध में उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल किया था। जिसमे चयन प्रक्रिया को रद्द कर नए सिरे से सेविका चयन का आदेश दिया गया था। उपायुक्त के निर्देश पर इसके पूर्व दो बार ग्रामसभा आयोजित की गई थी , पर सेविका पद का चयन नही हो पाया था। इस सम्बंध में बीडीओ ने बताया कि सरकारी नियमानुसार सेविका पद का चयन किया गया। अभी तक करीब 20 आंगनवाड़ी केंद्रों की सेविका व सहायिका पद का चयन किया जा चुका है।





