पाकुड़िया प्रखंड सभागार में गुरुवार को एक सादगीपूर्ण लेकिन भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रखंड में लंबे समय तक सेवा देने वाले जनसेवक प्रवीण कुमार पाठक के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने की। समारोह में प्रखंड एवं अंचल के सभी पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने श्री पाठक के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें एक कर्मठ, समर्पित और सरल स्वभाव के अधिकारी के रूप में याद किया। उनके कार्यकाल को अनुशासन, सहयोग और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में सराहा गया।
बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने श्री पाठक को बुके और साल भेंट कर सम्मानित किया, वहीं अन्य सहकर्मियों ने उपहार देकर अपनी शुभकामनाएं प्रकट कीं। उपस्थित अधिकारियों में बीपीओ, बीपीआरओ, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, अंचल निरीक्षक सहित कई अन्य कर्मचारी शामिल थे। सभी ने श्री पाठक के नए पदस्थापन स्थल पर भी उज्जवल भविष्य की कामना की और उनके योगदान को स्मरणीय बताया।






