पाकुड़ पॉलीटेक्निक में 79वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय ढंग से मनाया गया। इस वर्ष समारोह का सबसे विशेष क्षण वह रहा जब संस्थान के निर्देशक अमिया रंजन बडाजेना, प्रशासनिक प्रमुख निखिल चंद्र और प्राचार्या सुषमा यादव की उपस्थिति में कॉलेज के सफाई कर्मी से राष्ट्रीय ध्वज फहरवाया गया। इस पहल ने स्वतंत्रता दिवस को एक अनोखी पहचान दी और समानता व सम्मान का सशक्त संदेश दिया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, जिसमें छात्रों ने गीत, नृत्य और कविता पाठ के माध्यम से देशभक्ति का जज़्बा प्रस्तुत किया। प्राचार्या सुषमा यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का स्मरण कराने वाला दिन है। वहीं, निर्देशक अमिया रंजन बडाजेना ने सफाई कर्मी से ध्वजारोहण को संस्थान की मानवीय सोच और आपसी सम्मान का प्रतीक बताया। कार्यक्रम शिक्षकों व छात्रों की सक्रिय भागीदारी से सफल रहा और देशभक्ति की भावना से भरे माहौल में संपन्न हुआ।







