अमड़ापाड़ा। प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव-पार्वती मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को मंदिर परिसर में ग्रामीणों और आयोजन समिति की बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मति से तय किया गया कि इस वर्ष महाशिवरात्रि का आयोजन परंपरागत श्रद्धा और भव्यता के साथ किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता दशरथ भगत ने की। बैठक में सबसे पहले पिछले वर्ष के आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया गया। पारदर्शी लेखा-जोखा को ग्रामीणों ने सराहा। इसके बाद इस वर्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
14 फरवरी से धार्मिक अनुष्ठान, 15 को शिव बारात।
आयोजन समिति के अनुसार 14 फरवरी की शाम 4 बजे से हल्दी लेपन, मेहंदी और मटकोड़ की रस्में होंगी। 15 फरवरी की शाम 5 बजे गाजे-बाजे और बैंड के साथ भव्य शिव बारात निकाली जाएगी, जो नगर भ्रमण करेगी। शिव बारात में आकर्षक धार्मिक झांकियां शामिल होंगी। इसी दिन रात 8 बजे से द्वार पूजन, शिव-पार्वती विवाह, आरती और महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
तन-मन-धन से सहयोग का संकल्प।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का संकल्प लिया। आयोजन की सफलता के लिए जिम्मेदारियां भी बांटी गईं। बैठक में नारायण भगत, संजय रजक, राहुल भगत, सुनील मंडल, उत्तम भगत, मनोज वर्मा, दीपंकर भगत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।







