पाकुड़ | उपायुक्त मनीष कुमार ने अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित जिला कोषागार कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोषागार से जुड़े अभिलेखों, रोकड़ बही, स्ट्रांग रूम और कार्यालय कक्ष का गहन अवलोकन किया। इस दौरान कई रजिस्टरों की भौतिक जांच कर कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय कोषागार पदाधिकारी सारती तोपनो ने उपायुक्त को पीएल अकाउंट सहित कोषागार के विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी वित्तीय अभिलेखों का संधारण नियमानुसार किया जा रहा है और कार्य नियमित रूप से अपडेट रखे जा रहे हैं।
उपायुक्त ने नॉन-ज्यूडिशियल रजिस्टर, कोर्ट फीस स्टांप रजिस्टर, एडवोकेट वेलफेयर फंड स्टांप रजिस्टर, चेक पंजी, आरडीएस डिवीजन आवंटन व्यय पंजी और स्थापना रोकड़ बही का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विशेष रूप से पेंशन भुगतान को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि पेंशनरों का जीवन प्रमाण पत्र भुगतान से पूर्व अनिवार्य रूप से सत्यापित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी तरह की गड़बड़ी या असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कोषागार से जुड़े सभी कार्यों को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और नियमों के अनुरूप संचालित किया जाए। लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





