Search

February 11, 2026 10:35 am

सीबीएसई परीक्षा से पहले डीसी की छात्राओं को सीख, शॉर्टकट नहीं, मेहनत से ही मिलेगी सफलता।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 10वीं-12वीं की छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन, परीक्षा टिप्स दिए

पाकुड़। सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा में शामिल होने वाली छात्राओं के लिए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पाकुड़ में उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार ने छात्राओं को परीक्षा की तैयारी को लेकर जरूरी सुझाव दिए। उपायुक्त ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित पढ़ाई, अनुशासन और सकारात्मक सोच से ही अच्छे परिणाम मिलते हैं। उन्होंने छात्राओं को समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास और बार-बार दोहराव पर ध्यान देने की सलाह दी। कहा कि बोर्ड परीक्षा जीवन का अहम पड़ाव होती है, जो भविष्य की दिशा तय करती है।
उपायुक्त ने छात्राओं को परीक्षा से जुड़े व्यवहारिक टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें, शांत मन से प्रश्नपत्र पढ़ें और आत्मविश्वास के साथ उत्तर लिखें। यदि किसी प्रश्न का पूरा उत्तर न आए, तब भी उससे जुड़े जरूरी बिंदु जरूर लिखें। उत्तर पुस्तिका में साफ-सुथरा और व्यवस्थित लेखन करें। जरूरत पड़ने पर आरेख और फ्लोचार्ट का इस्तेमाल करें। नकल या अनुचित साधनों से दूर रहने की अपील भी की।

10 से 25 फरवरी तक फाइलेरिया दवा खाने की अपील

कार्यशाला के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं को एमडीए-आईडीए अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 10 से 25 फरवरी तक जिले में फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई जाएगी। फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन पूरी तरह रोकी जा सकने वाली बीमारी है। दवा का नियमित सेवन करने से संक्रमण की कड़ी टूटती है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे खुद दवा लें और परिवार व आसपास के लोगों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित करें। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से इस साल जिले का परीक्षा परिणाम और बेहतर होने की उम्मीद है।
मौके पर एडीपीओ पीयूष कुमार, एपीओ रघुवर तिवारी, एपीओ राजेश कुमार और प्रभारी वार्डेन मौजूद थे।

img 20260208 wa00405501224029364181652
img 20260208 wa0041621189882561484230

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर