प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़) प्रखंड क्षेत्र के लेटबाड़ी बलरामपुर गांव में आयोजित नौ दिवसीय रामचरितमानस कथा के छठे दिन श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। कथा स्थल पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण “जय श्रीराम” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। कथा वाचन साध्वी राधिका किशोरी जी द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने प्रभु श्रीराम द्वारा धनुष भंग प्रसंग की व्याख्या करते हुए कहा कि यह प्रसंग मर्यादा, धर्म और आत्मबल का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान राम के आदर्श जीवन से प्रेरणा लेकर सत्य, संयम और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान धनुष भंग का दृश्य मंच पर अत्यंत सजीव और भव्य ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की प्रभावशाली भूमिका और आकर्षक सजावट ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर कथा का रसपान किया। कथा के समापन पर विधिवत आरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन समिति के अनुसार आने वाले दिनों में भी रामकथा के विभिन्न प्रसंगों का भव्य मंचन किया जाएगा।






