बिना सरकारी मदद बच्चों को घुमाया
हर बच्चे को बड़ा सपना देखने का हक है- खलीदा
मो० काजीरुल शेख
पाकुड़: पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय गंगड्डा की प्रधानाचार्य खलीदा बेगम ने शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल कर मिसाल कायम की है। संसाधनों की कमी और सीमित शिक्षकों के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि इच्छाशक्ति मजबूत हो तो बच्चों के सर्वांगीण विकास की राह आसान बनाई जा सकती है।विद्यालय में कक्षा एक से आठवीं तक कुल 206 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। पूरे विद्यालय की जिम्मेदारी मात्र तीन शिक्षिकाओं के कंधों पर है और तीनों ही महिला शिक्षक हैं। इसके बावजूद विद्यालय में पढ़ाई का माहौल अनुशासित और सकारात्मक बना हुआ है।बच्चों के शैक्षणिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए प्रधानाचार्य ने अपने वेतन से खर्च कर कक्षा तीन से आठवीं तक के 50 बच्चों के लिए बस की व्यवस्था की और उन्हें शैक्षणिक भ्रमण पर पाकुड़ ले गईं। बिना किसी सरकारी सहायता के आयोजित इस भ्रमण में बच्चों ने पाकुड़ समाहरणालय, राजबाड़ी पाकुड़ और सिदो-कान्हू मुर्मू पार्क का भ्रमण किया।भ्रमण के दौरान बच्चों ने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और सांस्कृतिक धरोहर के बारे में जानकारी प्राप्त की। बच्चों के लिए यह अनुभव बेहद उत्साहवर्धक और ज्ञानवर्धक साबित हुआ।ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रधानाचार्य की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया। क्षेत्र में उनकी इस पहल की चर्चा हो रही है। शिक्षा के प्रति ऐसी प्रतिबद्धता ही विद्यालयों को नई पहचान दिलाती है।







