अमड़ापाड़ा प्रखंड क्षेत्र के मंडरो स्थित पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मंडरो का शुक्रवार को भारत सरकार और राज्य सरकार की संयुक्त उच्चस्तरीय टीम ने निरीक्षण किया। टीम में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की संयुक्त सचिव चेतना नंद सिंह और राज्य सरकार के प्राथमिक शिक्षा निदेशक मनोज कुमार रंजन शामिल थे। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने पारंपरिक स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद अधिकारियों ने विद्यालय की वार्डेन शर्मिष्ठा गुप्ता से उपलब्ध भूमि, कक्षाओं की स्थिति, छात्रावास, शिक्षकों व छात्राओं की संख्या सहित बुनियादी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।
छात्राओं से सीधा संवाद, व्यवस्थाओं की परख
निरीक्षण के दौरान संयुक्त सचिव चेतना नंद सिंह ने कक्षाओं में जाकर छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने शिक्षण व्यवस्था, शिक्षकों के व्यवहार, छात्रावास की सुविधाएं, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और शौचालय व्यवस्था पर छात्राओं से फीडबैक लिया। साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों के साथ बैठक कर विद्यालय की चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की गई।
बेहतर बुनियादी ढांचे पर जोर
संयुक्त सचिव ने कहा कि पीएम श्री योजना का उद्देश्य स्कूलों को आधुनिक, सुरक्षित और भविष्य के अनुरूप बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी भवन निर्माण से पहले सुव्यवस्थित मॉडल और दीर्घकालिक योजना जरूरी है, ताकि आगे विस्तार में तकनीकी अड़चनें न आएं।
तिथि भोजन व पौधारोपण
निरीक्षण के दौरान ‘तिथि भोजन’ के अंतर्गत पांच छात्राओं का जन्मदिन मनाया गया। अतिथियों की उपस्थिति में मेरीला टुडू, सुरमिला कुमारी, आशालता सोरेन, पुष्पा कुमारी और शांतिलता मरांडी ने केक काटा। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया।
मौके पर उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पूर्ति, जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार, बीडीओ प्रमोद कुमार गुप्ता, सीओ औसाफ अहमद खां, एडीपीओ पीयूष कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।








