राजकुमार भगत
पाकुड़:- नीट (UG) 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में मंगलवार को झामुमो छात्र मोर्चा ने जिला मुख्यालय स्थित रविंद्र चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर जोरदार विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र मोर्चा के जिलाध्यक्ष दासों मुर्मू ने किया। मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली, केंद्रीय सदस्य श्याम यादव, सुनील टुडू सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में बार-बार पेपर लीक और गड़बड़ी सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली और केंद्रीय सदस्य श्याम यादव ने भी केंद्र सरकार की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार हो रही गड़बड़ियों से छात्रों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी घटनाएं नहीं रुकीं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
छात्र मोर्चा नेताओं दासों मुर्मू और तौफीक इस्लाम ने कहा कि अभिभावक कठिन परिस्थितियों में बच्चों की पढ़ाई कराते हैं, लेकिन परीक्षा में अनियमितताओं से उनका परिश्रम व्यर्थ चला जाता है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर झामुमो छात्र मोर्चा एवं विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी देखी गई।






