नालंदा। जिला पदाधिकारी, उदित सिंह द्वारा बुधवार को विभिन्न विभागों में निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालयों की कार्यप्रणाली, कर्मियों की उपस्थिति, अभिलेखों के संधारण, स्वच्छता व्यवस्था तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का प्रत्यक्ष अवलोकन करना है। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने जिला नजारत शाखा, जिला सामान्य शाखा, जिला आपूर्ति कार्यालय तथा जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय एवं अन्य कार्यालय का भ्रमण कर कार्यालयों की कार्यशैली, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों की स्थिति एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।


उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी ने सभी कार्यालयों में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यालय का सकारात्मक प्रभाव आम नागरिकों पर पड़ता है तथा इससे कार्य निष्पादन की गुणवत्ता में भी सुधार होता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समय पालन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक कर्मचारी की बायोमेट्रिक उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, नालन्दा, बिहारशरीफ को समाहरणालय परिसर का भ्रमण कर स्थित कार्यालयों का मरम्मति कार्य करने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित थें।





