पाकुड़. झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर मंगलवार को पाकुड़ में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर शहर के पुराना डीसी ऑफिस परिसर के समीप स्थापित दिशोम गुरु की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव तनवीर आलम ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गुरुजी को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया।तनवीर आलम ने दिशोम गुरु को नमन करते हुए कहा कि शिबू सोरेन केवल एक नेता नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और शोषित-पीड़ित समाज के हक व अधिकारों की लड़ाई के प्रतीक थे। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों और नशे के खिलाफ जो अलख जगाई, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। गुरुजी के आदर्शों और सिद्धांतों पर चलकर ही एक सशक्त और समृद्ध झारखंड का निर्माण किया जा सकता है।माल्यार्पण कार्यक्रम के पश्चात तनवीर आलम ने समर्थकों के साथ बाजार समिति मैदान में आयोजित श्रद्धांजलि सह विचार सभा में भी शिरकत की। मौके पर विभिन्न दलों के नेता, कार्यकर्ता और आम जनता उपस्थित रहे।








