प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा। प्रखंड क्षेत्र के लेटबाड़ी-बलरामपुर में जियो नेटवर्क की खराब स्थिति से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि मोबाइल रिचार्ज कराने के बावजूद उन्हें नियमित और भरोसेमंद नेटवर्क सेवा नहीं मिल रही है। स्थिति यह है कि घर के अंदर मोबाइल में नेटवर्क नहीं रहता और कॉल करने के लिए लोगों को बाहर निकलकर नेटवर्क वाली जगह तलाशनी पड़ती है। ग्रामीणों के मुताबिक, कई बार मोबाइल में एक-दो लाइन नेटवर्क आने के बाद कॉल तो लग जाती है, लेकिन बातचीत के बीच आवाज गायब होने या कॉल कट जाने की समस्या बनी रहती है। लंबे समय से जारी इस समस्या के कारण ग्रामीणों को जरूरी फोन करने में भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में मोबाइल टावर मौजूद है, इसके बावजूद नेटवर्क सेवा सुचारु नहीं है। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने जियो कंपनी के अधिकारियों से जल्द तकनीकी समस्या दूर कर क्षेत्र में निर्बाध नेटवर्क सेवा बहाल करने की मांग की है।






