Search

November 7, 2026 11:07 pm

खबर का असर: 15 साल का इंतजार खत्म होने की उम्मीद, 900 मीटर सड़क निर्माण का टेंडर जारी

GD News Live और ‘झारखंड की हकीकत’ ने प्रमुखता से उठाई थी ग्रामीणों की परेशानी, 36.58 लाख रुपये से बनेगी सड़क।

इकबाल हुसैन

महेशपुर/पाकुड़। 15 साल से बदहाल सड़क पर आवागमन की मजबूरी झेल रहे ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। GD News Live और ‘झारखंड की हकीकत’ में खबर प्रकाशित होने के बाद बोरियो स्कूल से पश्चिम बंगाल सीमा तक करीब 900 मीटर सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, पाकुड़ की ओर से सड़क निर्माण के लिए ई-निविदा जारी कर दी गई है।
महेशपुर प्रखंड की असरकंधा पंचायत स्थित इस सड़क की बदहाली ग्रामीणों के लिए लंबे समय से मुसीबत बनी हुई थी। बरसात में सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती थी। स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और मजदूरों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। इसी समस्या को दोनों मीडिया संस्थानों ने संयुक्त रूप से प्रमुखता से उठाया था।
खबर प्रकाशित होने के बाद झामुमो की केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने भी सड़क निर्माण को लेकर पहल की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर ग्रामीणों की मांग रखी। मीडिया में उठी आवाज और उनकी पहल के बाद अब निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी होना क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। विभागीय निविदा सूचना संख्या RDSPL/PAKUR/09/2026-27 के अनुसार सड़क निर्माण की प्राक्कलित राशि 36 लाख 58 हजार 8 रुपये निर्धारित की गई है। कार्य को तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर 2026 शाम पांच बजे तक है, जबकि 26 नवंबर को दोपहर दो बजे टेंडर खोला जाएगा। टेंडर जारी होने से ग्रामीणों में खुशी है। हालांकि, अब उनकी निगाहें निर्माण कार्य शुरू होने और निर्धारित समय पर पूरा होने पर टिकी हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि 15 वर्षों से चली आ रही परेशानी का जल्द स्थायी समाधान होगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!