कालिकापुर मुस्लिमपाड़ा में विकास कार्य का शिलान्यास, नगर अध्यक्ष ने कहा- शहर के हर वार्ड की बुनियादी समस्याओं का होगा समाधान।
पाकुड़। बरसों से जलजमाव और बदहाल सड़क की समस्या झेल रहे कालिकापुर मुस्लिमपाड़ा के लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। दीपावली की पूर्व संध्या पर नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने वार्ड संख्या 19 में 16 लाख 71 हजार रुपये की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इस पहल से मोहल्ले की तस्वीर बदलने और जलनिकासी की समस्या दूर होने की उम्मीद है। नगर अध्यक्ष शबरी पाल ने उपाध्यक्ष राणा ओझा, वार्ड पार्षद तनु दास और कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी की मौजूदगी में संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। योजना के तहत मोहल्ले की विभिन्न सड़कों का निर्माण और नालियों का निर्माण कराया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ बरसात में जलजमाव की परेशानी से भी राहत मिलेगी। इस अवसर पर शबरी पाल ने कहा कि शहर के किसी भी वार्ड में बुनियादी सुविधाओं की कमी नहीं रहने दी जाएगी। जलजमाव की समस्या दूर करना नगर परिषद की प्राथमिकता है। स्थानीय जरूरतों के आधार पर विकास योजनाओं को जमीन पर उतारा जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर सड़क और जलनिकासी की सुविधा मिल सके। वार्ड पार्षद तनु दास ने इसे मोहल्लेवासियों की पुरानी मांग बताते हुए नगर परिषद के प्रति आभार जताया। शिलान्यास कार्यक्रम में कई वार्ड पार्षद, नगर परिषद के अभियंता, कर्मचारी, संवेदक और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।






