पाकुड़: मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के एक गांव में पांच वर्षीय बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों को हिरासत में लिया। दोनों की उम्र क्रमश: आठ और 10 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने बुधवार को दोनों को दुमका स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया। बताया गया कि बच्ची पड़ोस के अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान दोनों नाबालिगों पर उसके साथ यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। घटना के बाद बच्ची रोते हुए घर पहुंची। मां के पूछने पर उसने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल मालपहाड़ी ओपी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिगों को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान एक नाबालिग ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को बुधवार को दुमका बाल सुधार गृह भेज दिया गया। मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को पांच वर्षीय बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न की सूचना मिली थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिगों को हिरासत में लिया और बाल संरक्षण से संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई करते हुए उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया।





