Search

October 11, 2026 10:56 pm

अनुशासित कदमों के साथ सड़कों पर उतरे स्वयंसेवक, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

विजयादशमी पर आरएसएस का पथ संचलन, भारत माता के जयकारों से गूंजा पाकुड़

पाकुड़। विजयादशमी के अवसर पर रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से पाकुड़ शहर में भव्य पथ संचलन निकाला गया। पूर्ण गणवेश में हाथों में दंड लेकर कतारबद्ध तरीके से चलते स्वयंसेवकों का अनुशासन और एकजुटता आकर्षण का केंद्र रहा। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे संचलन के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। पथ संचलन से पहले हरिणडांगा हाई स्कूल मैदान में संघ प्रार्थना और पारंपरिक शस्त्र पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान स्वयंसेवक निर्धारित गणवेश में उपस्थित रहे। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विजयादशमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में समरसता, चरित्र निर्माण, अनुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

प्रमुख मार्गों से गुजरा संचलन

शस्त्र पूजन और प्रार्थना के बाद स्वयंसेवकों का पथ संचलन हरिणडांगा मैदान से शुरू हुआ। यह अंबेडकर चौक, गांधी चौक, तांतीपाड़ा, राजापाड़ा और हाटपाड़ा होते हुए रवींद्र चौक पहुंचा। इसके बाद संचलन वापस हरिणडांगा हाई स्कूल मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में स्वयंसेवक अनुशासित ढंग से कदमताल करते हुए आगे बढ़ते रहे।

पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

पथ संचलन के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और व्यवसायियों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में स्वयंसेवकों ने पुलिस-प्रशासन का सहयोग किया। विजयादशमी पर निकले इस संचलन के जरिए संघ ने अनुशासन, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

IMG 20261011 WA0056
IMG 20261011 WA0057 1

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!