चंपतुरा के पास वन विभाग की दबिश, कनकपुर की मिल तक पहुंचाई जानी थी लकड़ी; तस्करी के नेटवर्क पर उठे सवाल।
इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़)। महेशपुर में लकड़ी तस्करी का खेल एक बार फिर उजागर हुआ है। वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना पर चंपतुरा गांव के पास छापेमारी कर लंबू की लकड़ी लदे दो भुटभुटिया जब्त किए। दोनों वाहनों से 16 बोटा लकड़ी बरामद हुई, जिसे पश्चिम बंगाल के कनकपुर स्थित एक मिल में पहुंचाया जाना था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया। सूत्रों के अनुसार, लकड़ी बंगाल के कमरुल नामक व्यक्ति की बताई जा रही है, हालांकि विभाग ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अब जांच का असली सवाल यह है कि जंगल से लकड़ी कौन कटवा रहा है और बंगाल की मिलों तक इस कारोबार को कौन संचालित कर रहा है? वन विभाग लकड़ी के स्रोत और तस्करी में शामिल लोगों की पहचान में जुटा है। दोनों भुटभुटिया और लकड़ी जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






