स्वच्छ पाकुड़’ बनाने को नप ने कसी कमर, दो वार्डों को मिली 50 लाख की सौगात
नप अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर की शुरुआत
पाकुड़ शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर परिषद ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 और 16 में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले सड़क कालीकरण, पथ निर्माण और नाली जीर्णोद्धार कार्यों का शिलान्यास किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल, उपाध्यक्ष राणा ओझा, वार्ड पार्षद मो. मुस्ताक अंसारी एवं मो. रियाज अंसारी ने कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी की मौजूदगी में विधिवत नारियल फोड़कर योजनाओं की आधारशिला रखी।
सड़कों को ऊंचा होने से बचाने के लिए पिचिंग पर जोर : शबरी पाल
शिलान्यास के अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने कहा कि ‘स्वच्छ भारत’ की तर्ज पर ‘स्वच्छ पाकुड़’ बनाना बेहद जरूरी है, जिसके लिए सड़कों का साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि लगभग 50 लाख की लागत से बनने वाली इन योजनाओं के तहत हीरा स्वीट्स से फाटक (बगानपाड़ा व मारवाड़ी टोला होते हुए सब्जी मंडी) तक सड़क की पिचिंग (कालीकरण) की जाएगी। इस मार्ग के दुरुस्त होने से फाटक के पास लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी और बाइक व टोटो चालक आसानी से तीनबंगला की ओर निकल सकेंगे। वहीं, साधु पोखर छठ पोखरा के समीप अत्यंत जर्जर हो चुकी सड़क पर नाली के साथ पीसीसी पथ का निर्माण कराया जाएगा। नप अध्यक्ष ने शहर की सड़कों के निर्माण को लेकर अपनी योजना साझा करते हुए कहा कि पीसीसी सड़क बार-बार बनने से रास्ते ऊंचे हो जाते हैं और लोगों के घर नीचे हो जाते हैं, जिससे जलजमाव की समस्या पैदा होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने पूरे शहर की छोटी-बड़ी सड़कों की पिचिंग कराने का निर्णय लिया है।
जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : पार्षद
वार्ड पार्षद मो. मुस्ताक अंसारी और मो. रियाज अंसारी ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क और सुचारु जल निकासी की व्यवस्था देना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वार्ड के हर मोहल्ले तक विकास की रोशनी पहुंचाकर इसे एक स्वच्छ और आदर्श वार्ड बनाना ही उनका संकल्प है। दोनों जनप्रतिनिधियों ने संवेदकों और विभागीय अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।योजनाओं की शुरुआत होने पर स्थानीय वार्डवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए नगर परिषद के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद निभा देवी, अनिकेत गोस्वामी, राखी सरदारिन, पूनम देवी, तनु दास, कृष्णा शर्मा, विमल चंद्र राउत, चेनु बीबी, रबिया बीबी, गुड्डू कुमार भगत, सहायक अभियंता पीयूष कुमार, कनीय अभियंता शाहिद सिद्दीकी, सुमन कुमार, बिमल कुमार सहित नगर परिषद के अन्य कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।





