योग्य मतदाताओं के नाम कटे तो होगी परेशानी, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का निर्देश
पाकुड़: विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर झामुमो ने संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को महेशपुर प्रखंड झामुमो कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी और हेमलाल मुर्मू ने स्पष्ट कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। स्टीफन मरांडी ने बीएलए-2, बूथ समिति और पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर मतदाताओं की मदद करने का निर्देश दिया। उन्होंने बीडीओ और सीओ की मौजूदगी में प्रखंड स्तर पर बीएलए-2 का प्रशिक्षण आयोजित कराने पर जोर दिया, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया में मतदाताओं को परेशानी न हो। वहीं, हेमलाल मुर्मू ने बीएलए-2 की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए प्रखंड अध्यक्षों और सचिवों को उन्हें तत्काल सक्रिय करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर लगाकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी समझाई जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने भी सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अनिवार्य रूप से क्षेत्र भ्रमण कर मतदाताओं का सहयोग करने की अपील की। बैठक में जिला एवं प्रखंड समिति के पदाधिकारियों समेत सैकड़ों महिला-पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे।








