विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत
पाकुड़िया (पाकुड़): प्रखंड के मोंगलाबांध में गुरुवार को बायो पैथोलॉजी लैब का विधिवत उद्घाटन महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने किया। मौके पर झामुमो केंद्रीय कमेटी की सदस्य उपासना मरांडी, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. भरत भूषण भगत, डॉ. मंजर आलम एवं डॉ. अभय श्रॉफ उपस्थित रहे। लैब के शुरू होने से पाकुड़िया एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को खून, पेशाब समेत विभिन्न प्रकार की पैथोलॉजी जांच की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी। अब लोगों को सामान्य जांच के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे ग्रामीणों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी तथा स्वास्थ्य जांच में भी सहूलियत मिलेगी। इस अवसर पर लैब के निदेशक मकसूद अंसारी, शकुर अंसारी, फरहान अंसारी, मुन्ना असलम, निधि सिंह, श्रेया सामंड सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।







