Search

October 11, 2026 4:13 pm

ढोल-नगाड़ों की गूंज, जयकारों से गूंजा पाकुड़; कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

महाकाल शक्तिपीठ से तारापुर-गोविंदपुर तक नवरात्र की धूम, कहीं सहस्रभुजी मां की आराधना तो कहीं आदिवासी वाद्ययंत्रों ने बांधा समां।

पाकुड़। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को पाकुड़ जिले में भक्ति और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ढोल-नगाड़ों की गूंज, मां दुर्गा के जयकारों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के बीच निकली भव्य कलश एवं शोभायात्राओं से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। तलवाडांगा स्थित महाकाल शक्तिपीठ और हिरणपुर के तारापुर-गोविंदपुर में सैकड़ों से लेकर हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना और शोभायात्रा में शामिल हुए।

IMG 20261011 WA0028

महाकाल शक्तिपीठ में 1995 से जारी है परंपरा

तलवाडांगा स्थित महाकाल शक्तिपीठ मंदिर से सुबह 7:30 बजे बाजे-गाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। मुख्य सड़क से होते हुए यात्रा कालीभसान पोखर पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कलश में जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु शिवपुरी कॉलोनी स्थित महाकाल मंदिर पहुंचे, जहां कलश स्थापना, पूजन और प्रसाद वितरण हुआ। मंदिर में सहस्रभुजी मां दुर्गा की प्रतिमा और विशाल शिवलिंग के पूजन के साथ शिव-शक्ति की आराधना की जाती है। संस्थापक सिद्धार्थ परमहंस जी महाराज के इस शक्तिपीठ में वर्ष 1995 से कलश यात्रा निकालने की परंपरा चली आ रही है। नवरात्र में बंगाल और बिहार समेत विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर के संरक्षक अनुग्रहित प्रसाद साह ने बताया कि इस वर्ष भी नवरात्र का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है।

तारापुर में हजारों श्रद्धालुओं ने निकाली शोभायात्रा

उधर, हिरणपुर थाना क्षेत्र के तारापुर गांव में श्री श्री 108 सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, तारापुर-गोविंदपुर की ओर से भव्य कलश एवं शोभायात्रा निकाली गई। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। आदिवासी ढोल, दशांय-दोन बाजा और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रही। पारंपरिक संगीत और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय संस्कृति की भी शानदार झलक देखने को मिली।

IMG 20261011 WA0027

व्यवस्था संभालने में जुटा रहा प्रशासन

तारापुर की शोभायात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीपीओ कुमार गौरव, हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह, बीडीओ दिलीप टुडू और सीओ मनोज कुमार सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष नंद किशोर मंडल, उपाध्यक्ष चंद्रयान केतु प्रकाश, सचिव कृष्णा पंडित, कोषाध्यक्ष भानुप्रताप साहा सहित समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं की भागीदारी ने नवरात्र के पहले दिन जिले में उत्सव और भक्ति का रंग और गहरा कर दिया।

IMG 20261011 WA0029

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!