झारखंड सरकार ने बदले जनवितरण प्रणाली के नियम, बीमारी और शारीरिक अक्षमता की स्थिति में मिलेगा हस्तांतरण का अधिकार।
राशन कार्डों की पांच साल में ई-केवाईसी भी अनिवार्य।
पाकुड़। झारखंड सरकार ने राज्य के जनवितरण प्रणाली दुकानदारों और राशन कार्डधारियों के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने झारखंड लक्षित जनवितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2024 में संशोधन कर राशन दुकानदारों की लंबे समय से महत्वपूर्ण मानी जा रही समस्या का समाधान करने की दिशा में कदम उठाया है। अब असाध्य बीमारी, शारीरिक अक्षमता, चलने-फिरने में असमर्थता या अन्य विशेष परिस्थितियों में राशन दुकानदार अपनी दुकान की अनुज्ञप्ति निर्धारित शर्तों के तहत अपने आश्रित बेरोजगार परिजनों को हस्तांतरित कर सकेंगे। इस फैसले से दुकानदारों के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिलने के साथ दुकान का संचालन भी जारी रखने का रास्ता साफ होगा।
विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में अनुज्ञप्ति हस्तांतरण के लिए पात्र आश्रितों की श्रेणी भी स्पष्ट कर दी गई है। इसके तहत दुकानदार अपने बेरोजगार पति या पत्नी, पुत्र, अविवाहित पुत्री, विधवा बहू, विधवा पुत्री और परित्यक्ता पुत्री को अनुज्ञप्ति हस्तांतरित कर सकेंगे। निर्धारित शर्तों के तहत गोद लिए गए पुत्र और अविवाहित पुत्री को भी इसका लाभ मिलेगा। अविवाहित जनवितरण प्रणाली दुकानदार के मामले में उनके आश्रित माता-पिता भी पात्र होंगे। हालांकि, चिकित्सीय आधार पर अनुज्ञप्ति हस्तांतरण के लिए सक्षम चिकित्सा पदाधिकारी का प्रमाणपत्र देना अनिवार्य होगा। सभी आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन और संतुष्टि के बाद अनुज्ञापन पदाधिकारी नियमानुसार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
राशन कार्डधारियों के लिए भी बदले नियम।
सरकार ने राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए पात्र परिवारों की सूची का नियमित पुनरीक्षण और प्रत्येक पांच वर्ष में अनिवार्य ई-केवाईसी का प्रावधान किया है। अब 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक कोई भी सदस्य अलग राशन कार्ड रखने का पात्र नहीं होगा। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों का आधार नंबर उपलब्ध होने पर दर्ज किया जाएगा। पांच वर्ष की आयु पूरी होने के एक वर्ष के भीतर उनका ई-केवाईसी कराना होगा।
छह माह राशन नहीं उठाया तो अस्थायी रूप से अयोग्य होगा कार्ड।
नए प्रावधान के तहत लगातार छह माह तक राशन का उठाव नहीं करने वाले लाभार्थियों के राशन कार्ड अस्थायी रूप से अयोग्य किए जा सकेंगे। इसके बाद अगले तीन माह के भीतर क्षेत्रीय सत्यापन और ई-केवाईसी के माध्यम से उनकी पात्रता की जांच की जाएगी। वहीं, राज्य के अंदर या बाहर डुप्लीकेट पाए गए राशन कार्डों को भी अस्थायी रूप से अयोग्य किया जा सकेगा। संबंधित लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और ई-केवाईसी के जरिए अपनी पात्रता साबित करने के लिए तीन माह का समय मिलेगा।

नए राशन कार्ड के लिए पारदर्शी प्रतीक्षा सूची।
नए राशन कार्ड जारी करने में अब प्रथम आवक-प्रथम जावक की व्यवस्था लागू होगी। राज्य सरकार अपने वेब पोर्टल सहित सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर पारदर्शी प्रतीक्षा सूची प्रदर्शित करेगी। इससे आवेदक वास्तविक समय में अपने आवेदन की स्थिति देख सकेंगे। हालांकि, विशेष परिस्थितियों में समाज के पात्र कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को निर्धारित अधिमानता मानकों के अनुसार प्राथमिकता देने का अधिकार सरकार के पास रहेगा।
फेडरेशन ने जताया सरकार का आभार।
सरकार के इस फैसले का ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन, पाकुड़ ने स्वागत किया है। फेडरेशन की ओर से झारखंड सरकार के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि विशेष परिस्थितियों में राशन दुकानदारों के आश्रित परिवार के सदस्यों को अनुज्ञप्ति हस्तांतरण का अवसर देना सराहनीय कदम है। इससे बीमारी और शारीरिक अक्षमता जैसी परिस्थितियों में दुकानदारों के परिवार को सहारा मिलेगा तथा उनके आजीविका का साधन सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। विभागीय अधिसूचना ज्ञापांक 3310, दिनांक 23 नवंबर 2026 के तहत किए गए ये संशोधन जनवितरण प्रणाली व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ राशन दुकानदारों और लाभार्थियों दोनों के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।







