पाकुड़िया। आमजनों को सुरक्षित रखने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पाकुड़ पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, पाकुड़िया में थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने छात्र-छात्राओं को डायल-112 सेवा और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना, आपराधिक घटना, महिला उत्पीड़न, बाल विवाह रोकने, आगजनी अथवा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता के लिए डायल-112 पर कॉल किया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या उत्पीड़न होने पर बिना संकोच 112 नंबर पर सूचना दें। पुलिस त्वरित सहायता पहुंचाने का प्रयास करेगी।
उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए यातायात संकेतों का पालन करने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। साथ ही नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की हिदायत देते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में थाना के पुलिस पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक प्रोमिला टुडू, रवीन्द्रनाथ घोष, विजय टुडू, शिवजी साव, श्वेता तेरसा हेम्ब्रम, मनोरंजन प्रसाद, इस्माइल अंसारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में सिदो-कान्हू चौक पर भी डायल-112 को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया गया।







