चार दिनों से चल रहा अभियान, विद्यार्थियों को बताए आपातकालीन सेवा के फायदे।
प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): आपात स्थिति में पुलिस की मदद चाहिए तो सिर्फ डायल-112 करें। इसी संदेश के साथ लिट्टीपाड़ा पुलिस क्षेत्र में जन-जागरूकता अभियान चला रही है। पिछले चार-पांच दिनों से विभिन्न चौक-चौराहों पर लोगों को जागरूक करने के बाद बुधवार को +2 राजकीयकृत उच्च विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं के बीच पंपलेट बांटकर डायल-112 की कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी दी।पुलिसकर्मियों ने बताया कि डायल-112 निःशुल्क और 24 घंटे उपलब्ध आपातकालीन सेवा है। अपराध, सड़क दुर्घटना, आगजनी तथा महिला-बाल सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं में इस नंबर पर कॉल कर तत्काल सहायता मांगी जा सकती है। विद्यार्थियों को आपातकालीन कॉल के दौरान घटनास्थल का सही पता और स्पष्ट जानकारी देने की सलाह दी गई। साथ ही पुलिस ने चेताया कि इस सेवा का इस्तेमाल केवल वास्तविक आपात स्थिति में करें, झूठी और अनावश्यक कॉल से बचें।





