60 वाहनों पर 80 हजार का जुर्माना, बिना हेलमेट और नंबर प्लेट के दौड़ रहे वाहन भी पकड़े गए।
पाकुड़। सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जिला परिवहन विभाग ने बुधवार को सख्त कार्रवाई की। जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में पुराने डीसी आवास चौक (स्व. शिबू सोरेन चौक) पर चलाए गए सघन जांच अभियान में 60 वाहनों पर कुल 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि अवैध परिवहन करते पकड़े गए छह ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया। अभियान के दौरान 50 से 60 दोपहिया वाहनों की जांच की गई। इनमें बिना हेलमेट, आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं होने और ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने पर 40 वाहनों से 41,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, चार पिकअप, दो टेंपो, आठ टोटो और छह अन्य वाहनों समेत 20 वाहनों पर नियमों के उल्लंघन के लिए 38,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान जब्त छह ट्रैक्टरों को नगर थाना और पुलिस लाइन में रखा गया है। वाहन मालिकों को जरूरी कागजात के साथ जिला परिवहन कार्यालय में उपस्थित होकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
डीटीओ मोहम्मद मोजाहिद अंसारी ने वाहन चालकों से हेलमेट, सीट बेल्ट और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ निर्धारित नंबर प्लेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी खुद के साथ दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में डालती है। अभियान में यातायात प्रभारी राकेश कुमार रंजन, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह समेत परिवहन विभाग के कर्मी शामिल थे।








