Search

November 15, 2026 1:48 pm

मृतकों के खातों को भी नहीं छोड़ा! ग्रामीण बैंक में 29 खातों से अवैध निकासी, कर्मी पर मामला दर्ज।

बैंक की आंतरिक जांच में खुली वित्तीय अनियमितता की परतें, आरोपी कार्यालय सहायक से पूरी रकम कराई गई वापस।

इकबाल हुसैन

महेशपुर/पाकुड़ । बैंक में जिन खाताधारकों की मौत हो चुकी थी, उनके खातों को भी कथित तौर पर सुरक्षित नहीं छोड़ा गया। झारखंड ग्रामीण बैंक की बड़कियारी शाखा में 29 मृत खाताधारकों के बचत खातों से अनधिकृत लेन-देन का गंभीर मामला सामने आया है। बैंक की आंतरिक जांच में संदेह की पुष्टि होने के बाद शाखा प्रबंधक ने अपने ही बैंक के कार्यालय सहायक सुजीत कुमार झा के खिलाफ महेशपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शाखा प्रबंधक नीरज कुमार की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार, आरोपी कार्यालय सहायक ने अपने अधिकार क्षेत्र का दुरुपयोग करते हुए 29 मृत खाताधारकों के बचत खातों में अनधिकृत वित्तीय लेन-देन किया। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर बैंक प्रबंधन ने आंतरिक स्तर पर जांच शुरू की। जांच में आरोपी कर्मी की संलिप्तता सामने आने के बाद बैंक ने अब तक सभी 29 खातों की रकम उससे वापस करा ली है।
मामले में महेशपुर थाना कांड संख्या 189/26, दिनांक 13 नवंबर 2026 को बीएनएस की धारा 316(2), 318(4), 336(3) और 340(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच एसआई दीपक कुमार को सौंपी गई है।
बैंक जैसे भरोसेमंद वित्तीय संस्थान में मृत खाताधारकों के खातों से इस तरह के कथित अनधिकृत लेन-देन ने बैंकिंग व्यवस्था की निगरानी और आंतरिक नियंत्रण प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, बैंक ने पूरी रकम वापस करा लेने की बात कही है, लेकिन अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होगा कि खातों से कितनी रकम और किस तरीके से निकाली गई तथा इस पूरे मामले में किसी अन्य की भूमिका भी थी या नहीं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!