Search

November 14, 2026 7:55 pm

नेहरू के विचारों को अपनाकर लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव की रक्षा का कांग्रेसजनों ने लिया संकल्प

मनाई गई देश के प्रथम प्रधानमंत्री की 137वीं जयंती, आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद।

पाकुड़। देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं स्वतंत्रता सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती शनिवार को पाकुड़ जिला कांग्रेस कार्यालय और महेशपुर प्रखंड में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर नमन किया। साथ ही राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने कहा कि आजाद भारत को आधुनिक, वैज्ञानिक और लोकतांत्रिक दिशा देने में पंडित नेहरू की ऐतिहासिक भूमिका रही है। शिक्षा, विज्ञान, उद्योग, कृषि और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की उनकी दूरदर्शी सोच ने देश के विकास की मजबूत नींव रखी। कांग्रेसजनों ने संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वहीं, महेशपुर प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रखंड अध्यक्ष कलीमुद्दीन शेख के बिरकिट्टी स्थित आवासीय कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कलीमुद्दीन शेख ने नेहरू के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने के बाद उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला रखी। शिक्षा, विज्ञान, औद्योगिक विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण ही उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि नेहरू के विचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रासंगिक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष आरनेष्ट हांसदा, वसीम अकरम, रहीमुद्दीन शेख, अब्दुल रौफ, शैलीना खातून, मुख्तारा खातून सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

IMG 20261114 WA0019
IMG 20261114 WA0018 1

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!