Search

November 14, 2026 7:53 pm

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, राजद में शामिल हुए सैकड़ों लोग

महावीर मड़ैया ने कहा- महिला रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर पार्टी करेगी पहल, पंचायत चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने का आह्वान

पाकुड़। महिलाओं के सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक उत्थान को लेकर शनिवार को बड़ी अलीगंज स्थित अखिल भारतीय गरीब दलित सेवा संघ के कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े सैकड़ों महिलाओं एवं पुरुषों ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में राजद जिलाध्यक्ष महावीर मड़ैया ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला सचिव हजरत शेख के नेतृत्व में किया गया। इस मौके पर गरीब दलित सेवा संघ की अध्यक्ष अलियारा खातून की विशेष उपस्थिति रही। बताया गया कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से वंचित महिलाओं को जागरूक करने, रोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। कार्यक्रम में महिलाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महावीर मड़ैया का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। अपने संबोधन में महावीर मड़ैया ने कहा कि राजद गरीबों, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं के अधिकार एवं सम्मान की लड़ाई लड़ता रहा है। पार्टी का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और समान अवसर पहुंचाने के लिए काम करना है। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि पाकुड़ में महिलाओं के लिए रोजगारपरक उद्योग, स्वरोजगार और प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था जरूरी है। इस दिशा में राज्य के श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण तथा उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव को पत्र लिखकर पहल करने की तैयारी है, ताकि स्थानीय महिलाओं को अपने ही जिले में रोजगार मिल सके। आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव में संगठन मजबूत करने की अपील की। साथ ही 2029 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए अभी से एकजुट होकर काम करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में शीघ्र जिला सम्मेलन आयोजित करने और बूथ स्तर तक संगठन विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के समापन पर लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की सभी जिला और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी गईं। इस मौके पर आदिवासी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष कान्हू हसदा, प्रखंड अध्यक्ष रमेश सिंह, वरिष्ठ कार्यकर्ता फजर शेख सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समाजसेवी मौजूद रहे।

IMG 20261114 WA0016

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!